बाराबंकी में मॉडिफाइड साइलेंसर, , ₹2.27 लाख का चालान
बाराबंकी। जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार विशेष अभियान के दौरान अब तक 17 मॉडिफाइड साइलेंसर, 12 अवैध हूटर और 9 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कुल ₹2,27,000 का चालान किया गया।
कार्रवाई के दौरान शक्ति सिंह, प्रभारी यातायात रामयतन तथा अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जब्त किए गए सभी मॉडिफाइड साइलेंसर, अवैध हूटर और प्रेशर हॉर्न को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उनका दोबारा उपयोग न हो सके।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग न करें। पुलिस का कहना है कि ऐसे उपकरण न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन हैं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार और पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।







