सादाबाद में ज्योतिषाचार्य पं. योगेश शरण शास्त्री का हुआ भव्य सम्मान
गुरु पूजन, चरण वंदना और आशीर्वाद के साथ श्रद्धालुओं ने निभाई गुरु-शिष्य परंपरा
सादाबाद (हाथरस)। सादाबाद कस्बा एवं क्षेत्र में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न मंदिरों, आश्रमों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने अपने गुरुजनों का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे क्षेत्र में गुरु-शिष्य परंपरा की अनुपम झलक देखने को मिली।
नगर की प्रोफेसर कॉलोनी के सामने स्थित मोहल्ला राजनगर नई बस्ती में ज्योतिषाचार्य पंडित योगेश शरण शास्त्री के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा का विशेष आयोजन हुआ। सुबह से ही शिष्यों और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सभी ने गुरु पूजन कर पुष्पमालाएं अर्पित कीं, आरती उतारी और चरण वंदना कर सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पंडित योगेश शरण शास्त्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही ज्ञान का प्रकाश देकर मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से गुरु के बताए मार्ग पर चलने, समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु वंदना करते हुए सत्य, ज्ञान और संस्कारों के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। धार्मिक भजनों और भक्तिमय वातावरण के बीच गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।







