चार घंटे चले रेस्क्यू के बाद चालक का शव निकाला
सोनभद्र। हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। भुतहिया पुलिया के पास अनियंत्रित ट्रेलर गहरी खाई में गिर गया। चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया, जबकि खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे रेणुकूट की ओर से आ रहा ट्रेलर भुतहिया पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही हाथीनाला, पिपरी और रेणुकूट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू अभियान में टीम निशा सिंह के सदस्य विजय प्रताप सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे और पुलिस का सहयोग किया। ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक को निकालने में काफी कठिनाई हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गैस कटर मिस्त्री को बुलाकर ट्रेलर की बॉडी काटी गई, लेकिन चालक केबिन में बुरी तरह फंसा रहा।
भोर करीब चार बजे क्रेन की मदद से चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (24) पुत्र दिनेश कुमार, निवासी ग्राम रमसगरा, थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई। उसे तत्काल हिंडाल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन से चार घंटे तक जिंदा था चालक
टीम निशा सिंह के सदस्य विजय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक करीब तीन से चार घंटे तक जीवित था। पुलिस, स्थानीय लोगों और उनकी टीम ने उसे निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका।
भुतहिया पुलिया को लेकर लोगों में आक्रोश
हादसे के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखी, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग स्थित भुतहिया पुलिया दुर्घटनाओं का बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां आए दिन सड़क हादसे होते हैं और अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। लोगों ने सरकार से इस मार्ग को शीघ्र फोरलेन करने तथा सुरक्षा संबंधी पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।







