लेखपाल के खिलाफ डीएम ने दर्ज कराई एफआईआर
शिकायतकर्ता को दिया गया चेक भी निकला बाउंस, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा—लापरवाही और भ्रष्टाचार पर होगी कड़ी कार्रवाई
श्रावस्ती। वरासत दर्ज करने के नाम पर कथित रूप से 30 हजार रुपये की अवैध वसूली करने के आरोप में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर एक लेखपाल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, जनता दर्शन के दौरान शुभावती मौर्य, पत्नी रामकुमार मौर्य, निवासी बरदेहरा भारी गांव, तहसील जमुनहा ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि संबंधित लेखपाल गोपाल ने वरासत करने के लिए उनसे 30 हजार रुपये की अवैध वसूली की थी।
शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल को तत्काल शिकायतकर्ता की धनराशि वापस करने का निर्देश दिया। इसके बाद लेखपाल ने शिकायतकर्ता को 30 हजार रुपये का चेक दिया, लेकिन जब शिकायतकर्ता बैंक पहुंचीं तो खाते में शून्य शेष (जीरो बैलेंस) होने के कारण चेक का भुगतान नहीं हो सका।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने थाना सोनवा के प्रभारी को संबंधित लेखपाल के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करने के निर्देश दिए, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि इस प्रकार के मामले सामने आते हैं तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पीड़ितों को त्वरित न्याय और राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।







