जालौन के कुठौंद क्षेत्र में हुआ हादसा, इटावा पशु बाजार जा रही पिकअप हुई दुर्घटनाग्रस्त
औरैया/जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पिकअप सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जालौन जनपद के कुठौंद थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-232 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ।
जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के जखौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अंधेर निवासी शेर सिंह (30) पिकअप से एक भैंस और उसके बच्चे को लेकर इटावा के परसूपुरा पशु बाजार जा रहे थे। वाहन में भैंस मालिक शाहिद (35) और उनके भाई नासिर (30) निवासी अराजी लेन, कोंच (जालौन) भी सवार थे।
सुबह करीब पांच बजे कुठौंद क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा एंबुलेंस ने सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय औरैया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शाहिद और नासिर को मृत घोषित कर दिया।
घायल चालक शेर सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुठौंद थाना प्रभारी जगदंबा द्विवेदी ने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।







