सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन पर धमकाने और नुकसान न भरने का आरोप
रुदौली, अयोध्या ! रुदौली कोतवाली क्षेत्र के भेलसर चौकी अंतर्गत फेलसंडा ग्राम पंचायत में संचालित एक सीमेंट फैक्ट्री के प्रबंधन पर क्षेत्र के किसान ने गंभीर आरोप लगाए हैं।किसान का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने उसके खेत में लगे करीब 15 सफेदा के पेड़ों को काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया और मुआवजे की मांग करने पर उसे धमकाया गया।पीड़ित किसान सत्य प्रकाश पाण्डेय, निवासी ग्राम मुजफ्फरपुर के अनुसार उनके खेत के ऊपर से सीमेंट फैक्ट्री को निजी विद्युत आपूर्ति के लिए बिजली के खंभे लगाए गए थे, जिनकी अनुमति भी उनसे नहीं ली गई थी। उनका आरोप है बिना जानकारी दिए उनके खेत में लगे 15 सफेदा के पेड़ों को काट दिया गया।किसान का कहना है कि जब वह नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर फैक्ट्री पहुंचे तो फैक्ट्री मैनेजर शैलेंद्र अवस्थी ने केवल छोटे सफेदा के पौधे देने की बात कही और कथित रूप से कहा कि “इससे अधिक कुछ नहीं मिलेगा, जहां शिकायत करनी हो कर दो।” पीड़ित किसान ने बताया कि वह इस मामले की लिखित शिकायत रुदौली कोतवाली में देंगे और उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। मामले में सीमेंट फैक्ट्री का पक्ष जानने के लिए मैनेजर शैलेंद्र से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसलिए उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।








