औरैया: अजीतमल कस्बे में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मुगल रोड से नेशनल हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग पर हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर साइकिल सवार मजदूर के ऊपर गिर गया। तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल बिजलीघर को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई।
मृतक की पहचान सबलपुर निवासी 30 वर्षीय सद्दाम हुसैन पुत्र बसीर खान के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब आठ वर्ष पहले उसकी शादी अजीतमल के राजीव नगर निवासी शहनाज से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी और दोनों अजीतमल कस्बे में ही रह रहे थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे सद्दाम साइकिल से मजदूरी के लिए हाईवे की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में हाईटेंशन तार टूटकर उसके ऊपर जा गिरा।
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर हंगामा किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर एसडीएम विनोद कुमार मीना, तहसीलदार अविनाश वर्मा और सीओ शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जांच कराने, लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद परिजन शव उठाने के लिए राजी हुए।
मौके पर पहुंचे जेई विजय कुमार ने भी टूटे हाईटेंशन तार की जांच-पड़ताल की। स्थिति को देखते हुए अन्य थानों से पुलिस बल भी बुलाया गया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सद्दाम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत के बाद पत्नी शहनाज, मां मदीना बेगम और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





















