एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
औरैया। जिले के अजीतमल क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोकशी के वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, अजीतमल कोतवाली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम रसूलपुर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई। पीछा कर रही पुलिस पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान मनोज पुत्र सुरेश, निवासी रतनीपुर, अजीतमल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह 30 जुलाई को अजीतमल क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में वांछित था।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है। फरार आरोपी की पहचान राजा के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।







