सीएम योगी बोले- उत्तर प्रदेश सनातन संस्कृति और तीर्थ परंपरा का केंद्र
सप्त दिवसीय श्रीराम कथा के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री ने कहा- मर्यादा के लिए अयोध्या, जीवन के रहस्यों के लिए काशी और भक्ति के लिए मथुरा-वृंदावन की ओर देखता है देश।
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित सप्त दिवसीय भव्य श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश की आत्मा बताते हुए कहा कि यह प्रदेश भारत के प्रमुख धामों और तीर्थों का केंद्र है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि यहां वे सभी प्रमुख धाम और तीर्थ मौजूद हैं, जो इसे भारत के हृदय स्थल के रूप में स्थापित करते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे कितना भी दुष्प्रचार किया जाए, लेकिन जब जीवन की मर्यादा की बात आती है तो हर व्यक्ति भगवान श्रीराम और अयोध्या की ओर देखता है।
उन्होंने कहा कि यदि जीवन की जीवंतता और उसके रहस्यों को समझना हो तो अविनाशी काशी की ओर जाना चाहिए। वहीं, भक्ति का स्वरूप जानने के लिए मथुरा-वृंदावन और समरसता का अनुभव करने के लिए प्रयागराज सबसे उपयुक्त स्थान हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की यह आध्यात्मिक परंपरा सनातन धर्म के मूल्यों को समझने और आत्मसात करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि तमाम आलोचनाओं और दुष्प्रचार के बावजूद उत्तर प्रदेश आज भी भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना हुआ है।
सप्त दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







