अयोध्या में स्वच्छता माह के अवसर पर शुक्रवार को डाक विभाग की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। मंडल अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने प्रधान डाकघर और मंडल कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों को हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को अपने घर, कार्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के प्रति जागरूक किया गया।
इस मौके पर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे रोजमर्रा की आदत बनाना जरूरी है। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और सुंदरता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने आसपास स्वच्छता रखने से ही स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गंदगी के कारण कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ता है, इसलिए स्वच्छता के जरिए बीमारी से बचाव की दिशा में भी काम किया जा सकता है। उन्होंने डाक कर्मियों से लोगों को समय-समय पर स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। उनका कहना था कि स्वच्छता की शुरुआत हर व्यक्ति को अपने घर और उसके आसपास से करनी चाहिए।
जागरूकता रैली में ओमेश्वर सिंह, सत्येंद्र प्रताप सिंह, ज्योतिरादित्य सिंह, राघवेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार यादव, अनामिका, अर्चना यादव, अर्चना वर्मा समेत डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पोस्टमैन मौजूद रहे। इस दौरान स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने का संदेश दिया गया।





















