अयोध्या में दीपोत्सव महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सरयू अतिथि गृह, हेलीपैड, राम कथा पार्क, पार्किंग स्थल, तुलसी उद्यान और राम की पैड़ी समेत कई स्थानों पर पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य सचिव ने नगर विकास विभाग से जुड़े निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूरा कराने को कहा। राम की पैड़ी पर यूपीपीसीएल की ओर से कराए जा रहे कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन जैसी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि दीपोत्सव के दौरान अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्थलीय निरीक्षण के बाद आयुक्त सभागार में दीपोत्सव-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। अमृत अभिजात ने इस बार दीपोत्सव को पिछले वर्ष की तुलना में और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने रामलीला और भरत मिलाप मंच की व्यवस्थाओं को बेहतर करने, झांकियों की गुणवत्ता और प्रस्तुतीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की व्यवस्था करने को कहा। इसके अलावा दीपों की उपलब्धता, पार्किंग, यातायात और देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के लिए जरूरी सुविधाओं को भी समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में देश के विभिन्न राज्यों की रामलीलाओं, मठ-मंदिरों में दीप प्रज्वलन, प्रमुख मार्गों पर आकर्षक लाइटिंग, पास व्यवस्था, ड्रोन लाइट और आतिशबाजी समेत अन्य तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्य कार्यक्रम में दक्षिण भारतीय रामलीला को शामिल करने और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी आयोजन की रूपरेखा में स्थान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





















