अयोध्या दौरे पर पहुंचे पूर्वांचल परिक्षेत्र के डीआईजी होमगार्ड प्रमोद पाल ने शनिवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर होमगार्ड्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में जवानों को मिल रही सुविधाओं और विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली गई। इस दौरान होमगार्ड्स के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के अभियान की भी समीक्षा की गई।
बैठक में होमगार्ड जवानों के टर्नआउट और वर्दी में सुधार को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा थानों में होमगार्ड्स के लिए हॉल निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई। डीआईजी प्रमोद पाल ने कहा कि जिन थानों में पर्याप्त जगह उपलब्ध है, वहां हॉल निर्माण की कार्रवाई शुरू की जाएगी, जबकि कुछ स्थानों पर जमीन की उपलब्धता को लेकर समस्या सामने आ रही है।
निरीक्षण के दौरान होमगार्ड्स से संबंधित अभिलेखों, रिकॉर्ड और सीआर-ईआर समेत नियमित व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। डीआईजी ने बताया कि भर्ती के बाद होमगार्ड्स को तीन महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद शासन के निर्णय और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनकी ड्यूटी लगाई जाएगी।
रिटायरमेंट के बाद होमगार्ड्स को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर पीपीएफ से संबंधित प्रस्ताव भी शासन स्तर पर विचाराधीन है। डीआईजी प्रमोद पाल ने कहा कि विभाग की ओर से होमगार्ड्स को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक के दौरान विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और जवानों से जुड़े मुद्दों के समाधान पर भी जोर दिया गया।





















