अयोध्या में पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की पत्नी स्वर्गीय बीना खत्री के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है। बजाजा स्थित उनके आवास पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोग पहुंचकर डॉ. निर्मल खत्री से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। बीना खत्री के निधन के बाद अयोध्या समेत कई जगहों पर शोक सभाएं भी आयोजित की गई हैं।
शनिवार को श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष कमला शंकर पांडेय, अंबेडकरनगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रमाशंकर सिंह, बांदा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष लाल पांडेय, हाथरस कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, भाजपा महानगर के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव हर्षवर्धन सिंह समेत कई लोग शामिल रहे। वरिष्ठ पत्रकार त्रियुग नारायण तिवारी, बीएन दास, कानपुर की महिला नेता सुमन तिवारी और एबीवीपी नेता ऋषभ गुप्ता ने भी आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
सभी ने स्वर्गीय बीना खत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए डॉ. निर्मल खत्री और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल मिलने की कामना की। इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी अयोध्या पहुंचकर शांति पाठ में शामिल हुए और बीना खत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
इस दौरान डॉ. निर्मल खत्री के पुत्र अंकुर खत्री ने श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे लोगों से मुलाकात की और परिवार की ओर से सभी के प्रति आभार जताया। बीना खत्री के निधन की खबर सामने आने के बाद से ही अयोध्या और कांग्रेस से जुड़े लोगों की ओर से लगातार शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।





















