श्रावस्ती में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिले के अलग-अलग स्थानों पर नाट्य मंचन और नुक्कड़ नाटक होंगे। भाजपा की ओर से देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे इस अभियान में जनसेवा, सुशासन और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।
कार्यक्रम को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा ने जानकारी दी। उनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कैराती पटेल, कार्यक्रम संयोजक अरुण पांडेय और जिला मीडिया प्रभारी संजू तिवारी मौजूद रहे। बताया गया कि नाट्य प्रस्तुतियों में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सार्वजनिक यात्रा तक के प्रसंगों को संवाद, अभिनय और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। श्रावस्ती में भी इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ की प्रस्तुति को सरल और संगीतमय रूप दिया गया है, ताकि दर्शकों तक कार्यक्रम का संदेश आसानी से पहुंच सके। कलाकारों के अभिनय और संवादों के जरिए सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनसंवाद स्थापित करने की योजना है।
अभियान के तहत श्रावस्ती के प्रत्येक मंडल में प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक, कला और रंगमंच के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान जिला उपाध्यक्ष दिवाकर शुक्ला, विनोद साहू, जिला मंत्री राकेश मिश्रा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रकुमार मिश्रा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।





















