श्रावस्ती में इलाहाबाद हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं। गुरुवार को भिनगा स्थित निरीक्षण भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने उनका स्वागत किया। दोनों अधिकारियों ने न्यायमूर्ति को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी अगवानी की।
श्रावस्ती पहुंचने से पहले न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद ने विकासखंड इकौना के कटरा श्रावस्ती स्थित महामंकोल मंदिर का भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने इकौना में ग्राम न्यायालय और आउटलाइन कोर्ट के निर्माण के लिए अधिग्रहीत भूमि पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद न्यायमूर्ति ने अपने कार्यक्रम के तहत भिनगा स्थित दीवानी न्यायालय का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालय में चल रहे मुकदमों और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। न्यायमूर्ति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित वादों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश दिनेश चंद्र, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट समेत न्यायालय के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्तागण मौजूद रहे। न्यायमूर्ति के दौरे के दौरान न्यायालय से जुड़े कामकाज के साथ-साथ ग्राम न्यायालय और आउटलाइन कोर्ट के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।





















