बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के लोधनपुरवा गांव में तालाब में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दोनों विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसके गहरे पानी में चले जाने के कारण तत्काल रेस्क्यू नहीं हो सका। इसके बाद से टीम लगातार मौके पर मौजूद है और मगरमच्छ को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने और तालाब से दूरी बनाए रखने की अपील की है। खासकर बच्चों को तालाब के आसपास अकेले न जाने देने की सलाह दी गई है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
फिलहाल वन विभाग की टीम मगरमच्छ के रेस्क्यू के प्रयास में जुटी हुई है। घटना खैरीघाट थाना क्षेत्र के लोधनपुरवा गांव की है। अधिकारियों की निगरानी में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















