बहराइच सदर तहसील में नवागत जिलाधिकारी राजेश पांडेय की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनपद में कार्यभार संभालने के बाद यह उनका पहला तहसील दिवस था। इस दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। तहसील दिवस में कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन माध्यमों से आने वाली शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारियों से कहा गया कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का उचित समाधान हो।
तहसील दिवस में जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। नवागत जिलाधिकारी के पहले तहसील दिवस में शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर रहा और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर लंबित मामलों का समाधान करने के निर्देश दिए गए।





















