अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने अम्बेडकरनगर जिले में हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिम अली उर्फ विक्की को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मारा गया बदमाश कानपुर नगर का रहने वाला था और लंबे समय से एसटीएफ की रडार पर था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हत्या, लूट और अन्य संगीन अपराधों सहित दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
यह मुठभेड़ बेवाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के पास हुई, जहां एसटीएफ और बदमाश के बीच गोलीबारी हुई। जवाबी कार्रवाई में आसिम अली उर्फ विक्की मारा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह सुल्तानपुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक मामले में वर्ष 2013 से वांछित भी था।
फिलहाल पुलिस मुठभेड़ से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घायल एसटीएफ जवान का अस्पताल में इलाज जारी है। अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी और बरामदगी का विवरण जारी किया जाना बाकी है।








