एटा में जेम पोर्टल कार्यशाला
डीएम डॉ. अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में सरकारी विभागों और विक्रेताओं को दिया गया प्रशिक्षण
एटा। सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जेम (GeM) पोर्टल पर एक दिवसीय जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अरविंद सिंह ने की, जबकि केंद्रीय जेम, नई दिल्ली से आए ट्रेनर विवेक मौर्य ने क्रेता विभागों एवं विक्रेताओं को विस्तृत प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान जेम ट्रेनर ने डायरेक्ट परचेज, न्यूनतम-1 खरीद प्रक्रिया, बिड/रिवर्स ऑक्शन, पुश बटन प्रोक्योरमेंट, PAC बिड, BOQ बिड, फॉरवर्ड ऑक्शन, समयबद्ध भुगतान प्रक्रिया सहित जेम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण एवं उत्पाद सूचीकरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी समाधान किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. अरविंद सिंह ने सभी क्रेता विभागों को निर्देश दिए कि शासकीय खरीद में पारदर्शिता, सुचिता और वित्तीय नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए यथासंभव शत-प्रतिशत खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जाए।
उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी ने जेम पोर्टल से सरकारी खरीद के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रणाली खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाती है।
कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, पीडी डीआरडीए एस.के. गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी सुघर सिंह, उप निदेशक कृषि सुमित पटेल, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी, उद्यमी मित्र-इन्वेस्ट यूपी गौरव सचान सहित विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी मौजूद रहे। जेम विक्रेताओं के रूप में राजहर्ष गहलोत, अरविंद वर्मा, प्रतीक जैन, सुधीर कुमार और अवधेश कुमार सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी कार्यशाला में भाग लिया।







