गरिमा सौनकिया ने संभाला कार्यभार
औरैया। करीब दो दशक बाद औरैया की सदर तहसील की कमान एक महिला अधिकारी को सौंपी गई है। 2022 बैच की पीसीएस अधिकारी गरिमा सौनकिया ने सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले उनकी पहली तैनाती भी औरैया जनपद में ही रही थी।
कार्यभार संभालने के बाद एसडीएम गरिमा सौनकिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा सहित सभी प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि सदर तहसील के तत्कालीन एसडीएम उत्तम तिवारी का स्थानांतरण गैर जनपद होने के बाद यह जिम्मेदारी गरिमा सौनकिया को सौंपी गई है। करीब 20 वर्षों बाद किसी महिला अधिकारी को सदर तहसील की कमान मिलने को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







