एक्सपायरी मसालों और भारी अनियमितताओं का खुलासा
संतकबीरनगर। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पचदेवरा चिउटना स्थित अलकमा ढाबा एवं फैमिली रेस्टोरेंट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एक्सपायरी मसालों के इस्तेमाल, अधिक मात्रा में एमएसजी (मोनोसोडियम ग्लूटामेट) के प्रयोग और कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-Ⅱ सतीश कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान रेस्टोरेंट का संचालन अफसरुद्दीन उर्फ साहब चौधरी करते मिले। निरीक्षण में पाया गया कि एक्सपायरी खाद्य मसालों का उपयोग कर भोजन तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब मिली और कर्मचारियों के वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
वेज और नॉनवेज के लिए नहीं थी अलग व्यवस्था
खाद्य सुरक्षा टीम ने पाया कि वेज और नॉनवेज भोजन तैयार करने और परोसने के लिए अलग-अलग बर्तनों की व्यवस्था नहीं थी। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संचालक को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
एमएसजी का अधिक इस्तेमाल, मेन्यू में नहीं था उल्लेख
निरीक्षण के दौरान भोजन में मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) का प्रयोग निर्धारित मानकों से अधिक पाया गया। साथ ही रेस्टोरेंट के मेन्यू में इसके उपयोग का कोई उल्लेख नहीं था। संचालक एमएसजी की खरीद से संबंधित बिल भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
सुधार नहीं हुआ तो होगी कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य) सतीश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सक्षम न्यायालय में वाद दायर कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।







