डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई में सभी नमूने मानक के अनुरूप मिले
बाराबंकी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में पेट्रोल पंपों और ईंधन आपूर्ति केंद्रों पर घटतौली की शिकायतों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। विधिक माप विज्ञान एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर पेट्रोल और डीजल की मात्रा की जांच की, जिसमें सभी नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि विधिक माप विज्ञान निरीक्षक पवन कुमार तिवारी तथा आपूर्ति निरीक्षक अखिलेश तिवारी और अशोक चौरसिया की संयुक्त टीम ने दादरा स्थित परिचय पेट्रोल पंप, सुरसंडा स्थित मां विद्यावती फिलिंग स्टेशन तथा नवाबगंज बस अड्डे पर बद्री प्रसाद–रामचंद्र द्वारा की जा रही ईंधन आपूर्ति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित मापदंडों के अनुसार पेट्रोल और डीजल की मात्रा की जांच की गई। जांच में सभी स्थानों पर ईंधन की आपूर्ति अनुमन्य सीमा (±) के भीतर पाई गई। कहीं भी घटतौली या अन्य किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और ईंधन आपूर्ति में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से किए जाएंगे। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।







