533 बंदियों की स्वास्थ्य जांच, 58 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार
उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति और महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के संयुक्त प्रयास से लगा शिविर
गाजीपुर। उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति, लखनऊ के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक समिति गाजीपुर के बैनर तले मंगलवार को जिला कारागार गाजीपुर में त्वचा रोग (डर्मेटोलॉजी) स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा के सहयोग से किया गया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान कुल 533 बंदियों की जांच की गई, जिनमें 58 बंदी त्वचा रोग से पीड़ित पाए गए। सभी मरीजों का परीक्षण करने के बाद उन्हें उनके रोग के अनुरूप निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय शक्ति, फार्मासिस्ट विकास यादव, अदीप कुमार, जेल चिकित्सक डॉ. संजय जायसवाल तथा त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शिशिर शैलेश ने बंदियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
कार्यक्रम में जिला अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन सचिव वसीम रज़ा तथा सुनील सिंह भी उपस्थित रहे और शिविर के संचालन में सहयोग किया।
कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने जिला अपराध निरोधक समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर बंदियों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों को बधाई भी दी।
इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। बंदियों और जेल प्रशासन ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।







