दो मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह
चकिया, सकलडीहा और चाहनियां में आयोजित हुए समारोह, नवदंपतियों को शासन की ओर से उपहार सामग्री वितरित
चंदौली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को जनपद के चकिया, सकलडीहा और चाहनियां विकास खंडों में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुल 116 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इनमें दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी इस्लामी परंपरा के अनुसार संपन्न कराया गया। सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित उपहार सामग्री प्रदान की गई।
चाहनियां विकास खंड के मां खंडवारी महिला महाविद्यालय परिसर, चकिया विकास खंड परिसर तथा सकलडीहा में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सबसे अधिक 45 जोड़ों का विवाह चाहनियां में संपन्न हुआ। सकलडीहा में भी 45 जोड़े विवाह बंधन में बंधे, जबकि चकिया में 22 और नौगढ़ विकास खंड के पांच जोड़ों का विवाह चकिया परिसर में आयोजित समारोह में कराया गया।
समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए। वहीं मुस्लिम समुदाय के दो जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। विवाह के उपरांत सभी जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित उपहार सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, विभिन्न विकास खंडों के ब्लॉक प्रमुख, जिला एवं विकास खंड स्तरीय अधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना है। योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सम्मानजनक वातावरण में विवाह की सुविधा के साथ-साथ शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता एवं उपहार सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।







