25 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया
नवाबाद पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल व बाइक बरामद
झांसी। झांसी के चर्चित संजय सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवाबाद थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य शूटर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुसैन उर्फ खड्डा के रूप में हुई है, जिसे संजय सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर बताया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल, कारतूस तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संजय सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर है। उसके खिलाफ घोषित ₹25 हजार के इनाम के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







