इलाज के दौरान तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी
इकौना थाना क्षेत्र के प्यारे पुरवा की घटना, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
श्रावस्ती। जनपद के इकौना थाना क्षेत्र स्थित प्यारे पुरवा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान राजमती के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही इकौना थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजमती की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए थे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के साथ मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
राजमती अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। उनकी असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।







