सरोजनीनगर, लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की मां ने उसके साथ मौजूद रहे दो दोस्तों पर संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृष्णानगर थाना क्षेत्र के जेके सिटी, अलीनगर सुनहरा निवासी रिंकी पत्नी मन्नू के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह उनका बेटा अपने मित्र अरुण और दीपेंद्र के साथ चंद्रभान गुप्ता कॉलेज, बिजनौर गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे बेटे के मोबाइल से उसके दोस्तों ने फोन कर बताया कि कॉलेज के पास उसका एक्सीडेंट हो गया है और उसे सरोजनीनगर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही रिंकी अस्पताल पहुंचीं, जहां उनका बेटा बेहोशी की हालत में मिला। हालत गंभीर होने पर उसे पराग स्थित मेडिकन अस्पताल ले जाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा था, लेकिन दो दिन बाद उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की मां रिंकी ने बेटे की मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए उसके दोस्तों अरुण और दीपेंद्र की भूमिका पर संदेह जताया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





















