बलरामपुर अमृत उजाला । देवीपाटन मंडल में नव सृजित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय बलरामपुर के शैक्षणिक और संस्थागत विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से परामर्शदात्री समिति एवं प्रवेश समिति की संयुक्त ऑनलाइन बैठक शनिवार को आयोजित की गई। कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विश्वविद्यालय की गतिविधियों, पाठ्यक्रमों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने समिति सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता के नए आयाम तक पहुंचाने में सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने सदस्यों से विश्वविद्यालय के सकारात्मक कार्यों को समाज तक पहुंचाने और संस्थान की पहचान को मजबूत बनाने में सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में विश्वविद्यालय के प्रचार-प्रसार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति सदस्यों ने विश्वविद्यालय की वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट रखने, पाठ्यक्रमों को अधिक उपयोगी बनाने, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वविद्यालय की पहुंच बढ़ाने के सुझाव दिए।
सदस्यों ने ‘विश्वविद्यालय संवाद’ जैसे कार्यक्रम शुरू करने, गांवों को गोद लेकर शिक्षा एवं कानूनी जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न माध्यमों से विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में मिले सुझावों को विश्वविद्यालय के विकास की भावी कार्ययोजना में शामिल करने पर सहमति बनी।
अंत में कुलसचिव परमानंद सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय को नई पहचान दिलाने पर बनी रणनीति





