अवैध तमंचा-पिस्टल और कारतूस बरामद
मथुरा। जनपद की थाना हाईवे पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध तमंचा, पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 12:53 बजे मुखबिर की सूचना पर भरतपुर रोड से अडूकी रोड परिक्रमा मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा उर्फ चिड़िया निवासी पैगांव, थाना शेरगढ़, जनपद मथुरा तथा गोविंद उर्फ हरगोविंद निवासी राल, थाना जैत, जनपद मथुरा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस .315 बोर, एक .32 बोर पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर थाना हाईवे पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद अवैध हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








