पहली बार होगा ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण गायन; कल पेश होगा अनुपूरक बजट
सपा विधायक आलम बदी को श्रद्धांजलि के बाद आज की कार्यवाही स्थगित होगी, विपक्ष सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन एक ऐतिहासिक पहल के तहत पहली बार सदन में ‘वंदे मातरम’ का पूर्ण गायन किया जाएगा। वहीं, सपा विधायक आलम बदी के निधन पर दोनों सदनों में शोक प्रस्ताव पारित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। श्रद्धांजलि के बाद विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी।
रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों ने सदन को सुचारू रूप से चलाने पर सहमति जताई। हालांकि, संसद की तरह यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र भी हंगामेदार रहने के संकेत हैं।
विपक्ष ने सरकार को घेरने के लिए कई मुद्दों पर रणनीति बनाई है। इनमें राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी, दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज, शिक्षक भर्ती, एक्सप्रेसवे निर्माण में अनियमितताओं समेत कई जनहित के विषय शामिल हैं। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ दल भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की पूरी तैयारी में है।
मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें अनुपूरक बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा और अन्य विधायी कार्य भी संपन्न होंगे।
बुधवार और बृहस्पतिवार को अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी। इसके साथ ही विभिन्न विधेयकों और अन्य विधायी कार्यों का निस्तारण कर मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने की संभावना है।







