ग्राम प्रधान राकेश वर्मा हिरासत में; विरोध के बाद पुलिस बल तैनात
बाराबंकी। जनपद के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के भिलवल गांव में शनिवार को नारकोटिक्स टीम की छापेमारी से हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने ग्राम प्रधान राकेश वर्मा को हिरासत में ले लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध के दौरान ग्रामीणों और नारकोटिक्स टीम के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान राकेश वर्मा को साजिश के तहत फंसाया गया है। हंगामे के बीच कुछ लोगों को टीम की पकड़ से छुड़ा लिए जाने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, भारी विरोध के बावजूद नारकोटिक्स टीम ग्राम प्रधान राकेश वर्मा को अपने साथ ले गई।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर नारकोटिक्स टीम ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण पाया। एहतियात के तौर पर भिलवल चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
फिलहाल नारकोटिक्स टीम की कार्रवाई के कारणों, किसी संभावित बरामदगी अथवा दर्ज प्रकरण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। वहीं, ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







