ग्रामीण विकास योजनाओं की नई व्यवस्थाओं से जनप्रतिनिधियों को किया गया अवगत
अम्बेडकरनगर। जनपद अम्बेडकरनगर में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “पंच सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। कार्यक्रम में हरिओम पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान ग्रामीण विकास एवं रोजगार से संबंधित नई व्यवस्थाओं, उनके उद्देश्यों तथा क्रियान्वयन प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाकर पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने कहा कि नई व्यवस्था में ग्राम प्रधानों की भूमिका को और अधिक महत्वपूर्ण बनाया गया है। उन्होंने किसानों की सुविधा, ग्रामीण रोजगार तथा विकास कार्यों के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया और सभी जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने निर्देश दिए कि विकास खंड स्तर पर भी जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जाएं, ताकि जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को योजनाओं की पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समस्याओं के समयबद्ध समाधान और प्रभावी निगरानी के निर्देश भी दिए।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने विभिन्न प्रशासनिक सुधारों, पंचायत स्तर पर योजना संचालन, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता बढ़ाने के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि इन सुधारों से विकास कार्यों में गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा।







