लोहिया नगर में घर से चोरी हुआ पीली धातु का कान का झाला और वीवो मोबाइल बरामद, मुखबिर की सूचना पर पुलिस को मिली सफलता
चंदौली। सैयदराजा कस्बे के लोहिया नगर में घर में घुसकर आभूषण और मोबाइल फोन चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का एक पीली धातु का कान का झाला और वीवो कंपनी का एंड्रायड मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सलमान, टीपू अली, रमेश सेठ और अमन प्रजापति शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बीते 26-27 अक्टूबर की रात सैयदराजा कस्बे के वार्ड नंबर 12 स्थित लोहिया नगर में पानी की टंकी के पीछे एक घर में अज्ञात चोर घुस गए थे। चोर घर में रखे आभूषण और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर सैयदराजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 320/26 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी का एक पीली धातु का कान का झाला और वीवो कंपनी का एक एंड्रायड टचस्क्रीन मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित सैयदराजा कस्बे के अलग-अलग वार्डों के निवासी हैं। इनमें सलमान और टीपू अली लोहिया नगर, रमेश सेठ आजाद नगर तथा अमन प्रजापति गांधी नगर का निवासी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक रामकुमार दुबे, कांस्टेबल योगेंद्र चौहान और अमित कुमार राजपूत शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















