दो अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे गिरफ्तार
अयोध्या। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रुदौली कोतवाली पुलिस ने हाईवे लूट और वाहन चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो अंतरजनपदीय शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन-15, 17 मोबाइल फोन, चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की गई है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में निरीक्षक अपराध शत्रुघ्न यादव, चौकी प्रभारी भेलसर युवराज सिंह, चौकी प्रभारी शुजागंज अभिषेक सिंह एवं पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के सहनी मोड़ के पास घेराबंदी कर बाराबंकी निवासी बबलू रावत और राकेश रावत को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 14 मई को कूढ़ा सादात पेट्रोल पंप के पास एक बस चालक से आईफोन-15, चांदी के आभूषण और 6 हजार रुपये लूट लिए गए थे। इसके अलावा 21 जून की रात हाईवे किनारे खड़ी एक अपाचे मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी। पुलिस ने दोनों मामलों का सफल अनावरण करते हुए लूट और चोरी का सामान बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं। उनके खिलाफ बाराबंकी और अयोध्या के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।







