देवरिया के कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग की ओर से नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एक्सरे टेक्नीशियन और होम्योपैथिक फार्मासिस्ट के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम लखनऊ के लोकभवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के साथ स्थानीय स्तर पर आयोजित किया गया। प्रदेश स्तर पर इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न विभागों के 818 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने संकल्प को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करने का अवसर भी है। उन्होंने सभी से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ष 2024 में शुरू हुई अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती प्रक्रिया के तहत देवरिया जिले से 8 होम्योपैथिक फार्मासिस्ट और 5 एक्सरे टेक्नीशियन का चयन हुआ है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल रहा। प्रदेश स्तर पर आयुष विभाग में 404 और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में 357 एक्सरे टेक्नीशियन के पदों पर चयन हुआ है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ डॉ. एसके सिन्हा, एसीएमओ डॉ. अजीत कुमार सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. विपिन रंजन, जिला होम्योपैथिक अधिकारी समेत आयुष विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद नए चयनित कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं में जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई गई।





















