सुल्तानपुर। सहकारिता विभाग ने वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोपों के चलते विकास खंड लंभुआ स्थित साधन सहकारी समिति, शिवगढ़ के सचिव शिशिर तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिला प्रशासनिक समिति की 25 जून 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर की गई है।
प्रारंभिक जांच में सचिव पर नियमों की अनदेखी करते हुए पूर्व अध्यक्ष के साथ संयुक्त हस्ताक्षर से वित्तीय लेनदेन करने, खातों के संचालन में अनियमितता बरतने, सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना सचिव पद का कार्यभार संभालने तथा करीब 10 लाख रुपये की जमा राशि से जुड़े मामलों में नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं।
सहकारिता विभाग ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए एक जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निलंबन अवधि के दौरान शिशिर तिवारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही उन्हें समिति का समस्त कार्यभार, अभिलेख एवं अन्य दस्तावेज नवनियुक्त सचिव आकाश सिंह को तत्काल सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







