चालक फरार
श्रावस्ती। श्रावस्ती एयरपोर्ट पर तैनात उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) के एक जवान की सोमवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। ड्यूटी के लिए पैदल एयरपोर्ट जा रहे जवान को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान चंदन कुमार (30) पुत्र राम आसरे निवासी ग्राम एकडल्ला, पोस्ट चकिया, थाना कटका, जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में श्रावस्ती एयरपोर्ट पर UPSSF के आरक्षी के पद पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह चंदन कुमार अपने आवास से पैदल ड्यूटी के लिए श्रावस्ती एयरपोर्ट जा रहे थे। एयरपोर्ट के सामने तेज रफ्तार बाइक (UP 46 … 1540) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस के जरिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची कटरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बाइक सवार वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।







