राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जेसीबी से हटाए गए निर्माण, शिकायतकर्ता ने कार्रवाई अधूरी बताई
सुल्तानपुर, 23 जुलाई 2026।
सुल्तानपुर जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र स्थित उमरी गांव में गुरुवार को माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश और जिला प्रशासन के आदेश पर तालाब की सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से तालाब क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को हटाया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शिकायतकर्ता सभापति सिंह की याचिका के आधार पर की गई। इससे पहले 11 जुलाई को भी प्रशासन ने आंशिक रूप से अतिक्रमण हटाया था। शिकायतकर्ता द्वारा जिलाधिकारी को दोबारा प्रार्थना पत्र देने के बाद पुनः अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान तहसीलदार उमेश चन्द्र यादव, नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार मिश्र, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया।
हालांकि, शिकायतकर्ता सभापति सिंह का दावा है कि तालाब की पूरी भूमि अभी भी अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सकी है। वहीं पवन सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान उनकी वैध पशुशाला और बैठक भी गिरा दी गई।
इन आरोपों पर तहसीलदार उमेश चन्द्र यादव ने कहा कि सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश के अनुपालन में नियमानुसार की गई है।







