अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, स्थलीय जांच पर दिया जोर
चंदौली। कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में बुधवार को प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने राजस्व, विद्युत, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, भूमि विवाद और अतिक्रमण सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। प्रभारी जिलाधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित प्रकरणों की मौके पर जाकर जांच की जाए और वास्तविक स्थिति के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी डीएम ने कहा कि शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी दी जाए। जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।





















