आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो घंटे की मशक्कत के बाद केबिन से निकाला गया चालक, जिला अस्पताल रेफर
उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक तेज रफ्तार डीसीएम सड़क पर खड़े कंटेनर से पीछे से टकरा गई। हादसे में डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची यूपीडा, पीआरवी और पुलिस की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के थाना बिछवां क्षेत्र के गांव बकेता निवासी कौशल (35) डीसीएम लेकर हरियाणा के रोहतक से लखनऊ जा रहे थे। रविवार रात करीब दो बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर, बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के खंभौली गांव के सामने सड़क घेरकर खड़े कंटेनर में उनकी डीसीएम पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कौशल केबिन में फंस गए। मौके पर पहुंची यूपीडा और पीआरवी टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब दो घंटे बाद उन्हें बाहर निकाला और बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया डीसीएम सड़क पर खड़े कंटेनर से पीछे से टकराई थी। कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







