जेठ पर गर्म तवे से हाथ जलाने का आरोप
10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग, विवाहिता को गर्म तवे से दागने का आरोप; पति समेत 6 पर केस दर्ज
उन्नाव। सफीपुर थाना क्षेत्र के परियर गांव में शादी के महज पांच माह बाद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता के साथ कथित रूप से मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज न मिलने पर ससुराल पक्ष ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
आरोप है कि विवाद के दौरान विवाहिता के जेठ ने गर्म तवे से उसका हाथ जला दिया, कलाई मोड़ दी और जान से मारने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पिता और पुत्री दोनों को घर में बंद कर दिया।
किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मामला सामने आया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







