लाखों के जेवर और नकदी चोरी; जांच में जुटी पुलिस
औरैया। जिले के अयाना थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी दिल्ली में रहकर काम कर रहे थे। सूचना मिलने पर घर पहुंचने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़ित नन्हे खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दिल्ली में खिड़की-दरवाजे का कार्य करते हैं। गांव स्थित उनका मकान बंद था। 28 जुलाई को पड़ोसियों ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था।
शिकायत के अनुसार, चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जयप्रकाश पाल ने बताया कि फॉरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की गहन छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।







