लोकायुक्त के निर्देश पर टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
एटा। अलीगंज विकास खंड में क्षेत्र पंचायत निधि से कराए गए विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत के बाद मंगलवार को जांच टीम ने विभिन्न गांवों और ब्लॉक परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच का नेतृत्व हाथरस के मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने किया।
जांच के दौरान टीम ने सड़क, नाली, नाला, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, मनरेगा कार्यालय, सभागार, टीन शेड सहित क्षेत्र पंचायत निधि से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करने के साथ-साथ संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।
जानकारी के अनुसार, अलीगंज निवासी रामगोपाल सिंह शाक्य द्वारा की गई शिकायत के आधार पर यह जांच की जा रही है। शिकायत में वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच क्षेत्र पंचायत निधि से कराए गए कुछ विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। इन्हीं आरोपों के क्रम में लोकायुक्त के निर्देश पर स्थलीय जांच कराई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जांच टीम ने कई स्थानों पर नालियों की स्थिति का भी जायजा लिया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं को दर्ज किया। टीम ने मौके से आवश्यक तथ्य और दस्तावेज एकत्र कर उनका परीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संकलित तथ्यों एवं अभिलेखों के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर लोकायुक्त को भेजी जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।







