₹19.53 करोड़ के सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल से शुक्रवार को विभिन्न विभागों के 52 रेल कर्मचारी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। मंडल कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में कर्मचारियों के दीर्घ सेवाकाल, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
रेल प्रशासन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बैंक खातों में एनईएफटी (NEFT) के माध्यम से कुल 19.53 करोड़ रुपये के सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान किया। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को सेवा प्रमाण-पत्र, भुगतान विवरण और पेंशन भुगतान आदेश (PPO) भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि रेल कर्मचारियों की निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता भारतीय रेल की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा तथा सहायक मंडल वित्त प्रबंधक रवि कुमार सविता ने भी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति लाभों की जानकारी दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रेल प्रशासन ने दोहराया कि झांसी मंडल कर्मचारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और निर्बाध तरीके से सेवानिवृत्ति लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि सेवा निवृत्ति के बाद उन्हें आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित हो सके।







