फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और सख्त सजा की मांग
गोरखपुर। खजनी क्षेत्र के छात्र वैभव वर्मा और कोतवाली थाना क्षेत्र के रायगंज की बालिका विहिका की हत्या की घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को शहर में लोगों ने पदयात्रा निकालकर आक्रोश व्यक्त किया। आवास विकास कॉलोनी, कूड़ाघाट से शहीद गौतम गुरुंग की प्रतिमा तक निकाली गई पदयात्रा के बाद लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दोनों बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पदयात्रा का नेतृत्व प्रताप वाहिनी सामाजिक संस्था के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि दोनों मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को कानून के अनुसार जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की। उन्होंने विशेष रूप से विहिका के परिवार की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सहायता देने की मांग की।
पदयात्रा और श्रद्धांजलि सभा में आशीष वर्मा, मनोज शुक्ला, बलिराम यादव, धीरज कुमार पाण्डेय, गोलू चौरसिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।







