इनवर्टर-सीसीटीवी समेत हजारों का सामान पार
उपशीर्षक
बाराबंकी के हुसेपुर स्थित चिकित्सालय में वारदात, पुलिस ने खेत से कुछ सामान किया बरामद
बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के हुसेपुर स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर चिकित्सालय से बैटरी, इनवर्टर, पंखा, परदे, सीसीटीवी कैमरा और करीब 700 रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह चिकित्सालय पहुंचीं फार्मासिस्ट संतोष कुमारी ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचना देने के साथ पुलिस को भी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। चिकित्सालय प्रशासन की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि 20 जुलाई की रात अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने चिकित्सालय के पास स्थित एक खेत से चोरी गई बैटरी, पंखा और परदे बरामद कर लिए हैं। हालांकि इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरा और नकदी का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस शेष सामान की बरामदगी और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।







