बंद दुकानों को निशाना बनाने वाले 4 शातिर चोर गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना पुलिस ने बंद दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के नेतृत्व में मड़ियांव पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें, जनरेटर के पार्ट्स, नकदी तथा चोरी की अन्य सामग्री बरामद की गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन और चोरी के औजार भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बंद पड़ी दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।







