एटा में आज जेम पोर्टल कार्यशाला
एटा। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, एटा द्वारा गुरुवार 30 जुलाई 2026 को जेम (GeM) पोर्टल पर पंजीकृत क्रेता एवं विक्रेताओं के लिए एक दिवसीय जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला दोपहर 12:00 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार, एटा में आयोजित होगी।
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की उपायुक्त अर्चना कुमारी ने बताया कि शासकीय खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुचारु और नियमबद्ध बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि GeM पोर्टल का GeM 2.0 में उन्नयन किया जा रहा है, जिसके मद्देनजर क्रेता विभागों और पंजीकृत विक्रेताओं का प्रशिक्षण आवश्यक है।
कार्यशाला में लखनऊ से आए जेम विशेषज्ञ प्रतिभागियों को GeM पोर्टल पर सरकारी खरीद-बिक्री की प्रक्रिया, पोर्टल के नए फीचर्स, उन्नयन संबंधी बदलाव और प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही शासकीय खरीद में पारदर्शिता, सुचिता और नियमों के अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
उपायुक्त उद्योग ने जनपद के सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों तथा जेम पोर्टल पर पंजीकृत विक्रेताओं से अपील की है कि वे कार्यशाला में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग कर प्रशिक्षण का लाभ उठाएं।







