फर्जी दस्तावेजों से इनोवा बेच लाखों की ठगी का आरोप, तीन के खिलाफ केस दर्ज
लखनऊ (सरोजनीनगर)। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिए इनोवा कार बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। ठाकुरगंज निवासी रेहान खान, मोहम्मद जावेद और मनीष सिन्हा के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
हरदोई निवासी एवं वर्तमान में ठाकुरगंज के दुबग्गा निवासी मोहम्मद जैद ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में उन्होंने 3.20 लाख रुपये में इनोवा कार खरीदी थी। बाद में पता चला कि वाहन पर बैंक का ऋण बकाया है। आरोप है कि आरोपियों ने वाहन वापस लेकर दूसरे व्यक्ति को बेच दिया और कुल 4.75 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







