अलीगंज कोतवाली में बनी रूपरेखा, ताजियों की ऊंचाई 9 फीट तक सीमित; 6 अगस्त को निकलेगा जुलूस
एटा/अलीगंज। आगामी चेहल्लुम जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अलीगंज कोतवाली में गुरुवार को पुलिस और ताजियेदारों की बैठक आयोजित की गई। प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जुलूस के मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था और शासन के दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कस्बा इंचार्ज मनीष बलियान सहित ताजियेदार मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि चेहल्लुम का जुलूस 6 अगस्त की शाम मोहल्ला टपकन टोला स्थित नूर अहमद उर्फ मुकेश के यहां से प्रारंभ होगा। जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए मोहल्ला मेवातियान स्थित मातादीन चौराहा पहुंचेगा, जहां मातम का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद जुलूस गांधी चौराहा पहुंचेगा, जहां करीब दो घंटे तक मातम किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी ताजिए निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। इस वर्ष कस्बे में कुल 12 ताजिए निकाले जाएंगे। शासन के निर्देशों के अनुरूप किसी भी ताजिए की ऊंचाई 9 फीट से अधिक नहीं होगी।
पुलिस के अनुसार जुलूस में करीब 1500 लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने ताजियेदारों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजन संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई।
बैठक में आकिल, चांद मियां, नूर अहमद, इदरीश, बारिश, जमीर सहित अन्य ताजियेदार उपस्थित रहे।







